पूर्णिया: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के हालिया चुनाव में डॉ. आलोक कुमार के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर पूर्णिया डिस्ट्रिक्ट साइक्लिंग एसोसिएशन (PDCA) द्वारा रविवार देर शाम जिला स्कूल रोड स्थित कार्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर डॉ. आलोक को पुष्पमाला, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया, साथ ही केक काटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया गया। ज्ञात हो कि डॉ. आलोक कुमार पूर्णिया के प्रतिष्ठित कान-नाक-गला विशेषज्ञ हैं और बिहार स्टेट साइक्लिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष के साथ-साथ PDCA के भी सक्रिय पदाधिकारी हैं।
कार्यक्रम में PDCA अध्यक्ष नवीन सिंह और सचिव विजय शंकर सिंह ने संयुक्त रूप से प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूर्णिया के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. आलोक जैसे कर्मठ और समर्पित चिकित्सक का IMA अध्यक्ष बनना चिकित्सा जगत के लिए एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने भरोसा जताया कि डॉ. आलोक चिकित्सकों के हितों की रक्षा के साथ-साथ मरीजों के प्रति दयाभाव और सेवा भावना से कार्य करते रहेंगे। इस मौके पर नवीन सिंह, विजय शंकर सिंह, कृष्णा कुमार, शशांक शेखर सिंह, तौफीक आलम, राजीव कुमार उर्फ विक्की, राजू झा, मुरारी सिंह, पवन कुमार पोद्दार, मनोहर कुमार, अक्षत कुमार, प्रियांशु जी और अनिल लोहिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और बधाई दी।



