पूर्णिया: पूर्णिया अब देश के हवाई नक्शे पर अपनी नई पहचान बनाने जा रहा है। आगामी 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्णिया एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन करेंगे और इसके बाद शीशाबाड़ी स्थित एसएसबी मैदान में एक ऐतिहासिक जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसे पूर्णिया के राजनीतिक इतिहास की सबसे बड़ी सभा माना जा रहा है। चूनापुर स्थित एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रंगबिरंगी रोशनी से सजे टर्मिनल, चकाचक सड़कें और सख्त सुरक्षा व्यवस्था से शहर में उत्साह और तैयारी चरम पर है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर एसपीजी की टीम पहले ही पूर्णिया पहुंच चुकी है और एयरपोर्ट से लेकर जनसभा स्थल तक दोनों जगहों को अपने नियंत्रण में ले चुकी है।
सभा स्थल पर 10 लाख स्क्वायर फीट में फैले पांच विशाल हेंगर तैयार किए गए हैं, जिनमें LED टीवी, CCTV, हाई-रेजोल्यूशन कैमरे और हजारों कुर्सियों की व्यवस्था की जा रही है। पीएम के मंच को भी अंतिम रूप दे दिया गया है। वहीं, हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए तीन हेलीपैड बनाए गए हैं, जिनकी टेस्टिंग भी हो चुकी है। शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए 1500 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। गुलाबबाग जीरो माइल से लेकर कसबा रोड तक कई हिस्सों में वाहन परिचालन बंद रहेगा। प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से सभा स्थल जाएंगे या हेलीकॉप्टर से – इसे लेकर दोनों विकल्पों के लिए ट्रैफिक रूट तैयार किया गया है। इस मौके पर पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने कहा “पूर्णिया का सपना अब हकीकत बनने जा रहा है।

वर्षों से यहां के लोगों की मांग थी कि पूर्णिया का एयरपोर्ट चालू हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न सिर्फ यह सपना पूरा किया, बल्कि पूर्णिया को विकास की नई उड़ान देने जा रहे हैं। इससे पूरे सीमांचल को फायदा मिलेगा – रोजगार, पर्यटन और व्यापार के नए द्वार खुलेंगे।” प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा न सिर्फ एक परियोजना का उद्घाटन है, बल्कि सीमांचल के लोगों को भरोसा देने का प्रतीक बन गई है कि अब यह इलाका भी देश की मुख्यधारा में मजबूती से शामिल हो चुका है।



