PURNIA NEWS : पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य रोड शो और जनसभा को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि मोदी जी के बिहार में 53वीं बार आगमन पर आयोजित इस आमसभा में लाखों लोगों की उपस्थिति ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जनता का अटूट विश्वास प्रधानमंत्री के साथ है। गया की इस सभा में पीएम मोदी ने लगभग 13,000 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, जिनमें एशिया का दूसरा सिक्स लेन सिमरिया ब्रिज और मुजफ्फरपुर में 45 एकड़ में बनने वाला टाटा कैंसर अस्पताल जैसी योजनाएँ शामिल हैं।
विधायक खेमका ने कहा कि इन परियोजनाओं का लाभ सीमांचलवासियों को भी मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि शीघ्र ही प्रधानमंत्री पूर्णिया आएंगे और यहां से हवाई सेवा व वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ करने के साथ कई और विकास योजनाओं की सौगात देंगे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में हर वर्ग और समाज को योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जबकि महागठबंधन के नेता विकास के बजाय “नोटंकी और पिकनिक यात्रा” में लगे हैं और घुसपैठियों की वकालत कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। खेमका ने कहा कि बिहार की जनता पहले ही परिवारवाद, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को नकार चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचार में लिप्त नेताओं को भी पूरी तरह खारिज कर देगी।



