पटना: पटना स्थित जदयू कार्यालय के कर्पूरी सभागार में बिहार प्रदेश जनता दल यूनाइटेड (मीडिया सेल) की एक दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश मीडिया सेल अध्यक्ष मनीष कुमार मंडल ने की। इस बैठक सह मनोनयन पत्र वितरण कार्यक्रम में प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर प्रदीप कुमार मेहता को पुनः पूर्णिया जिला अध्यक्ष (मीडिया सेल) पद की जिम्मेदारी सौंपी गई और उन्हें सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बिहार जदयू प्रदेश अध्यक्ष एवं बीस सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, बिहार सरकार के उपमुख्य सचेतक व विधान पार्षद एवं पार्टी कोषाध्यक्ष ललन शराफ, वरिष्ठ नेता संजय गांधी, प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष नवीन आर्या, एवं कार्यालय प्रभारी अनिल कुमार सिंह सहित कई अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने संगठन को मजबूत करने एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में किए गए 20 वर्षों के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर जोर दिया। इस मौके पर प्रदीप कुमार मेहता ने कहा कि वे प्रदेश नेतृत्व द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे और मीडिया सेल को पूर्णिया में और अधिक सशक्त बनाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जिला प्रभारी मंत्री विजय चौधरी, पूर्व सांसद संतोष कुमार कुशवाहा सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रदेश और जिला के नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों द्वारा बधाई देने पर सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संगठन को और धारदार बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। अंत में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर “फिर एक बार नीतीश कुमार” के संकल्प को साकार करने में जुट जाएं।



