पूर्णिया, आनंद यादुका: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भवानीपुर प्रखंड प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी आलोक कुमार शर्मा और थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने अर्धसैनिक बलों के ठहराव वाले मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों में साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। बीडीओ आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि अर्धसैनिक बलों और मतदानकर्मियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि जहां भी थोड़ी बहुत कमी पाई गई है, उसे जल्द पूरा करने का निर्देश दे दिया गया है। निरीक्षण में बीपीआरओ रूपेश कुमार, अवर निरीक्षक विकास कुमार, अमित कुमार, मुखिया पति शंकर पटेल और पैक्स अध्यक्ष अरविंद कुमार उर्फ माधो बाबू समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।



