PURNIA NEWS,आनंद यादुका : भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत अकबरपुर थाना के सुरैति पंचायत के डुमरा गांव के एक टोला के पांच बर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है । मामले को लेकर पीड़ित बच्ची के परिजनों ने मधेपुरा जिला अंतर्गत मकदमपुर पंचायत के चंडीस्थान टोला निवासी प्रकाश ऋषि पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुरैनी थाना में मामला दर्ज कराया है । मामला दर्ज होने के बाद भी पुलिस के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किये जाने से ग्रामीणों में काफी ज्यादा आक्रोश बना हुआ है । मंगलवार की दोपहर 11 बजे सैकड़ों ग्रामीणों के साथ सुरैति पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि छोटा अवधेश मंडल, मकदमपुर पंचायत के मुखिया सुरेश ऋषि, मधेपुरा जिले के फूलपुर के मुखिया दिलीप यादव ने पुलिस के कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए जमकर हंगामा किया । मामले की जानकारी मिलते ही अकबरपुर थानाध्यक्ष अनुज कुमार राज सदलबल के साथ मौके पर पहुंच आक्रोशितों को समझाने का काम किया गया । आक्रोशितों ने पुलिस अधिकारियों के सामने भी पुलिस विरोधी नारे लगाये और पुलिस के कार्यशैली पर सवाल उठाया ।
जिसके बाद अकबरपुर थानाध्यक्ष अनुज कुमार राज ने मौके से पूर्णिया एसपी को फोन कर मामले की जानकारी देने का काम किया । थानाध्यक्ष के द्वारा समझाने और दोषियों के ऊपर कार्रवाई करने का आश्वाशन दिए जाने के बाद सभी आक्रोशित शांत हुए । इस दौरान स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि छोटा अवधेश मंडल के द्वारा पीड़ित बच्ची के परिजनों को इलाज के लिए तत्काल 10 हजार रुपया आर्थिक सहायता भी दिया गया । पीड़ित बच्ची के परिजनों ने बताया कि तीन दिन पूर्व प्रकाश ऋषि के द्वारा नाबालिग बच्ची को बहला फुसलाकर बाँसबाड़ी में दुष्कर्म किया गया था । परिजनों ने बताया कि बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो प्रकाश ऋषि मौके से भाग गया । मामले को लेकर बच्ची के परिजनों के द्वारा पुरैनी थाना में मामला दर्ज कराया गया है । इस बावत पुरैनी थानाध्यक्ष राघव शरण ने बताया कि पीड़ित परिजनों के आवेदन पर पुरैनी थाना में कांड संख्यां 167/25 दर्ज कर लिया गया है । उन्होंने बताया कि पीड़ित बच्ची का मेडिकल जाँच भी कराया जा चुका है । बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा ।



