PURNIA NEWS,आनंद यादुका : भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सुपौली पंचायत के ब्रह्मज्ञानी के एक युवक की कर्नाटक के बेलगाम में सड़क हादसे में मौत हो गयी । जबकि उसका दूसरा साथी भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है । मृतक रूपेश कुमार मुनि (20 वर्ष) ब्रह्मज्ञानी वार्ड सात निवासी भुटो मुनि का पुत्र था । जबकि इस हादसे में घायल हुआ युवक सरसी थाना क्षेत्र के सरसी निवासी कारू ऋषि का पुत्र दिलखुश कुमार है । मृतक युवक का शव सोमवार की सुबह लगभग दस बजे उसके घर लाया गया । मृतक का शव पहुंचते ही उसके घर सहित समूचे गांव में मातम छा गया ।
मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि दो महीने पूर्व रूपेश कुमार अपने अन्य दोस्तो के साथ कर्नाटक के बेलगाम में मजदूरी करने गया था । परिजनों ने बताया कि बीते 25 जुलाई को ड्यूटी से वापस अपने रूम पर आने के दौरान बेलगाम में सड़क हादसे में रूपेश कुमार की मौत हो गयी । जिसके बाद मृतक के परिजन एवं उसके दोस्तों की मदद से उसका शव सोमवार को ब्रह्ज्ञानी लाया गया । वहीं घटना की जानकारी पाकर सुपौली पंचायत की मुखिया अनोखा देवी, पैक्स अध्यक्ष सुमन कुमार सुमन, जदयू नेता अभिषेक कुमार उर्फ गोल्डन, उज्ज्वल सिंह आदि मृतक के घर पहुंच उसके परिजनों को सांत्वना देने का काम किया ।



