PURNIA NEWS : बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने पूर्णिया विश्वविद्यालय परिसर में ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन विश्वविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार, शैक्षणिक अराजकता और विशेष रूप से किशनगंज स्थित मारवाड़ी कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया के दौरान अनुसूचित जाति/जनजाति एवं अन्य वर्गों के छात्रों से की गई अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार के विरोध में किया गया। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एक सुर में मांग की कि दोषी प्रधानाचार्य संजीवा कुमार सहित संलिप्त पदाधिकारियों को तुरंत निलंबित किया जाए।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब पैसा वसूली का वीडियो क्लिप सार्वजनिक हो चुका है, तो कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है? प्रदर्शन के बीच कुलपति प्रो. विवेकानंद सिन्हा ने हस्तक्षेप करते हुए कार्यकर्ताओं को सिनेट हॉल में वार्ता के लिए आमंत्रित किया। पहले कार्यकर्ता अड़े रहे लेकिन बाद में कुलपति के समझाने पर बातचीत को तैयार हुए। वार्ता में भी छात्रों ने यह सवाल दोहराया कि भ्रष्टाचार के आरोपों और पूर्व में निलंबन के बावजूद प्रधानाचार्य पर कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। कुलपति ने छात्रों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस विरोध प्रदर्शन में परिषद के कई प्रमुख छात्र नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



