PURNIA NEWS,नंदकिशोर : पूर्णिया एयरपोर्ट को अगस्त तक हवाई सेवा से जोड़ने की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन लगातार गंभीर दिख रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने एयरपोर्ट परिसर में चल रहे अंतरिम टर्मिनल और अन्य निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य त्वरित गति और गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने एयरपोर्ट की चहारदीवारी निर्माण, प्रवेश द्वार, और एयरपोर्ट से जुड़ने वाली प्रमुख सड़कों की मरम्मत कार्य की भी समीक्षा की। ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि सड़क मरम्मत कार्यों में कोई ढिलाई न हो और इन्हें अविलंब पूरा किया जाए। साथ ही अपर समाहर्ता को लगातार निगरानी करते रहने और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासनिक स्तर पर जहाँ लगातार निरीक्षण और निर्देश दिए जा रहे हैं, वहीं जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य की गति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर मजदूरों की कमी और संसाधनों की सीमित उपलब्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। एयरपोर्ट के विभिन्न हिस्सों — जैसे शेड, चहारदीवारी, टर्मिनल भवन, और संपर्क मार्ग — के निर्माण कार्य में पर्याप्त मजदूर एवं विशेषज्ञ टीमें नजर नहीं आ रही हैं, जो इस महत्वाकांक्षी योजना को समय पर पूरा करने में आवश्यक हैं। स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सभी विभाग समन्वय के साथ तेज़ी से कार्य नहीं करते हैं, तो अगस्त में पूर्णिया से पहली उड़ान भरने की उम्मीद को झटका लग सकता है। सरकार और जिला प्रशासन की मंशा साफ है, लेकिन अब ज़रूरत है कि प्रत्येक जिम्मेदार विभाग अपने स्तर से श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर, संसाधनों को तेज़ी से समर्पित कर इस महत्वपूर्ण परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।




