PURNIA NEWS,अभय कुमार सिंह : जीविका दीदियों के रोजगार के लिए दी जानेवाली 10 हजार की प्रथम किश्त, उनके लिए जंलाल बन गया है, जो ना लेने में बन रहा है और ना ही छोडने में बन रहा है । यह बता दें कि सरकार ने जीविका दीदियों को स्वरोजगार के लिए 10 हजार रूपये की प्रथम किश्त जारी की है, जो उनके खातों में भेजी जा रही है । बहुत दिनों से खाता नहीं चलाने की वजह से खाता बंद पडे हैं, इसको लेकर जीविका दीदियों की भारी भीड बैंकों में उमड पडी है । जिसमें बुजूर्ग एवं छोटे-छोटे दुधमुंहें बच्चों के साथ केवाईसी कराने पहुंच रहीं महिलाओं के जान पर बन गई है । प्रतिदिन इन्हें बेहोश होते देखा जा सकता है । स्थिति यह है कि महिलाएं बैंकों को भी क्षति पहुंचाने से नहीं चूक रही हैं । ऐसा लगता है कि अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है ।
महिलाओं की भारी भीड में स्वयं बैंककर्मी भी फंस जा रहे हैं, जिन्हें बैंक खोलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड रही है । इसी के तहत एसबीआई तेलडीहा शाखा में स्थिति यह हो गई कि कई महिलाएं बेहोश हो गईं । स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को बुलाया गया, मौके पर टीकापटी थाना के अपर थानाध्यक्ष राजकुमार राम पहुंचे, परंतु कोई भी महिला ग्राहक किसी की सुननेवाली नहीं थी, अंत में सभी को बैरंग वापस लौटना पडा । इस संबंध में शाखा प्रबंधक मोहसीन परासर कहते हैं कि ग्राहक दस दिन बाद भी अपना केवाईसी करा सकते हैं, परंतु पता नहीं उनके दिमाग में क्या भर गया है कि सभी सोच रहे हैं कि एक ही दिन में केवाईसी करा लें । काम करने की क्षमता है, देर रात तक काम किया जा रहा है, परंतु अनियंत्रित भीड, बैंक को भी क्षति पहुंचाने से नहीं चूक रही हैं तथा काम में भी बाधा उत्पन्न हो रहा है । कुल मिलाकर 25 हजार की राशि महिलाओं के लिए काफी परेशानी का घर बन गया है, देखें यह भीड क्या-क्या गुल खिलाती है ।



