PURNIA NEWS : पूर्णिया के खुश्कीबाग निवासी रतन पोद्दार के सुपुत्र और संस्कार भारती पूर्णिया इकाई के सक्रिय कार्यकर्ता आयुष्मान पोद्दार ने सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिप-हॉप डांस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर टॉप-6 में जगह बनाई। लोकनृत्य से लेकर पाश्चात्य नृत्य शैली तक में रुचि रखने वाले आयुष्मान फिलहाल बेंगलुरु में इंटरनेशनल गुरु एंटो से नृत्य की शिक्षा ले रहे हैं।
उन्होंने आर्थिक कठिनाइयों और वीजा अस्वीकृति जैसी बाधाओं को पार कर यह मुकाम हासिल किया। सिंगापुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में 20 से अधिक देशों के 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जहां बिहार से अकेले आयुष्मान ने प्रतिनिधित्व कर राज्य का मान बढ़ाया। आयुष्मान ने अपनी सफलता का श्रेय पिता के सहयोग और गुरु के आशीर्वाद को दिया, वहीं संस्कार भारती पूर्णिया इकाई के सदस्यों ने उनके जज्बे और उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।




