PURNIA NEWS,विमल किशोर : जन सुराज पार्टी के बिहार बदलाव अभियान के तहत गुरुवार को नितेंद्र पंचायत स्थित बिरला चौक पर एक जनसभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के भावी विधायक प्रत्याशी सह जिला परिषद प्रतिनिधि अफरोज़ आलम ने कहा कि बिहार में बदलाव अब जरूरी है। यदि लोग अपने बच्चों का सुरक्षित भविष्य चाहते हैं, तो आगामी चुनाव में जन सुराज पार्टी के स्कूल का बस्ता चुनाव-निशान पर वोट दें। अफरोज़ आलम ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार से पलायन की समस्या खत्म होगी, हर परिवार को स्वरोजगार मिलेगा। महिलाओं को मात्र 4% वार्षिक ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनके जीवन में खुशहाली आएगी। किसानों के लिए घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि खेतों में मजदूरी करने वालों को मनरेगा योजना से जोड़ा जाएगा, जिससे किसानों को सीधा लाभ होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक सुरक्षा के तहत वृद्धा और विधवा पेंशन की राशि 2000 रुपए कर दी जाएगी। आलम ने युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से अपील की कि वे जन सुराज पार्टी को मजबूत करें और बिहार के भविष्य को नई दिशा दें। सभा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने जन सुराज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर एससी-एसटी मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष राकेश कुमार राय, पंचायत अध्यक्ष संतोष कुमार यादव, पंसस मनोज कुमार यादव, सुनील कुमार राय, सनोज कुमार राय, कृष्ण कुमार ठाकुर समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।



