PURNIA NEWS, अभय कुमार सिंह : थाना क्षेत्र के आझोकोपा नहर के पास टोला में एसएच 65 के किनारे दरबाजा पर खेल रहे एक बालक की मौत करंट लगने से हो गई है, जबकि उसे बचाने के क्रम में एक और व्यक्ति करंट लगने से झुलस गया है, उसका इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है । मौके पर खबर पापकर पहुंची पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण में भेज दिया है । इधर मृतक बालक के शव से लिपटकर सभी स्वजन चित्कार कर उठे हैं । इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि विजय मंडल का आठ वर्षीय पुत्र आशीष कुमार, जो दूसरी कक्षा का छात्र था, अपने दरबाजे पर खेल रहा था । तभी वहां गिरे तार से उसका संपर्क हो गया, जिससे उसकी तत्क्षण मौत हो गई ।
जबकि उसे गिरकर छटपटाते देख बगल में काम रहे संजय मंडल उसे बचाने दौडे, परंतु उसे छूते ही उन्हें भी करंट लग गया, जिससे वे अचेत होकर गिर पडे । तत्काल किसी तरह ग्रामीणों ने उन्हें तार से अलग किया तथा दोनों को रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बालक आशीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि संजय का इलाज चल रहा है । आशीष अपने माता-पिता का तीन संतानों में पहली संतान था । शव के घर पहुंचते ही मां मीना देवी, पिता विजय मंडल, उसके सभी छोटे-छोटे भाई-बहन उसके शव से लिपटकर चित्कार कर उठे । इधर बिजली विभाग के जेई आदित्य कुमार ने बताया कि पीडित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा । जबकि मुखिया कैलाश जायसवाल, सरपंच विनोद दिलवर ने सरकार से पीडित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है ।



