PURNIA NEWS : कांग्रेस जिला अध्यक्ष बिजेन्द्र यादव, पूर्व विधायक अमरनाथ तिवारी, डॉ. इरशाद खान, कांग्रेस प्रवक्ता जवाहर किशोर उर्फ़ रिंकू यादव, पूर्व अध्यक्ष रंजन सिंह और रविन्द्र सिंह सहित पार्टी नेताओं ने बिहार में बढ़ते अपराध पर गंभीर चिंता जताई है। नेताओं ने कहा कि राजधानी पटना से लेकर पूर्णिया और अन्य जिलों तक जनता अपराधियों के तांडव से भयभीत है, जबकि सरकार “सुसासन” का ढोल पीटने में व्यस्त है। उन्होंने हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पटना के पारस अस्पताल के व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या, पूर्णिया में तनिष्क ज्वेलरी लूट और ताज़ा खुश्कीबाग गोलीकांड इस बात का सबूत हैं कि अपराधियों का मनोबल चरम पर है।
जिला अध्यक्ष बिजेन्द्र यादव ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार अपराध नियंत्रण में विफल साबित हुई है और अब आम जनता व व्यवसायी अपनी सुरक्षा को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अपराध पर रोक नहीं लगी तो कांग्रेस समेत विपक्षी दल जनआंदोलन के लिए सड़क पर उतरेंगे। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि खुश्कीबाग गोलीबारी में शामिल अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी कर उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।



