PURNIA NEWS : छात्र नेता सौरभ कुमार ने सोमवार को पूर्णिया विश्वविद्यालय के डीएसडब्लू प्रो. मरगूब आलम को ज्ञापन सौंपते हुए परीक्षा विभाग के लापरवाह पदाधिकारियों व कर्मचारियों को हटाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि स्नातक पार्ट-2, 2025 की स्पेशल परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बावजूद पार्ट-3 में वंचित छात्रों के नामांकन की तिथि तय नहीं की गई, वहीं बीए, बीएससी व बीकॉम पार्ट-1 सत्र 2021-24 और 2022-25 के अनुत्तीर्ण छात्रों के लिए स्पेशल परीक्षा आयोजित करने का निर्णय भी लंबित है।
सौरभ ने बीएड सत्र 2019-21 के मूल प्रमाण पत्रों में गंभीर प्रिंटिंग त्रुटियों — जैसे ग्रेड, माह और वर्ष का उल्लेख न होना — पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि सैकड़ों प्रमाण पत्र गलत छपकर कॉलेजों में भेजे गए हैं, जिसके लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।



