PURNIA NEWS,अभय कुमार सिंह : गोडियरपट्टी श्रीमाता पंचायत के मुखिया अमीन रविदास ने बाढ़ की विभीषिका झेल रहे ग्रामीणों के लिए तत्काल राहत शुरू करने की मांग की है। गुरुवार को उन्होंने एसडीओ अनुपम और सीओ शिवानी सुरभि से मुलाकात कर आवेदन सौंपते हुए गुहार लगाई कि प्रभावित इलाकों में जल्द से जल्द सामुदायिक किचेन चालू किया जाए। मुखिया अमीन रविदास ने बताया कि उनके पंचायत में हरनाहा, मेहदी, बैरिया और श्रीमाता—कुल चार गांव हैं। इनमें से अधिकतर महादलित टोले नीची जमीन पर बसे हैं, जहां बाढ़ का पानी सबसे पहले घुस आता है। इस बार हालात इतने खराब हैं कि न केवल महादलित बस्तियां, बल्कि कई ऊंचे इलाकों में भी पानी भर चुका है।
उन्होंने नाराज़गी जताते हुए कहा कि आश्चर्य की बात है कि अब तक यहां किसी तरह की राहत व्यवस्था शुरू नहीं हुई है। एसडीओ को उन्होंने साक्ष्य के रूप में बाढ़ पीड़ितों की वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराई है। मुखिया ने मांग की कि एसडीओ खुद या उनकी टीम मौके पर जाकर हालात की जांच करे और तत्काल प्रभाव से सामुदायिक किचेन शुरू कराया जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को राहत मिल सके। एसडीओ अनुपम ने आश्वासन दिया है कि वे जांच कराकर प्रभावितों को राहत पहुंचाने का प्रयास करेंगे।



