PURNIA NEWS : धमदाहा एवं के नगर प्रखंड की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने जा रही है, क्योंकि लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से चार उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण अब जल्द शुरू होने वाला है। ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से निविदा प्रकाशित हो चुकी है, जिसके तहत धमदाहा प्रखंड में अमनाहा–बाँसबिट्टा रोड से हथिया दियरा आदिवासी रोड (खेड़ा घाट) पर 632.650 लाख और गढ़ी धरहर काली स्थान ग्रामीण हाट के पास खुटहारी नदी पर 617.420 लाख रुपये की लागत से दो पुल बनेंगे।
वहीं के नगर प्रखंड में सोनगढ़ा से धरिया धार तक 480.990 लाख की लागत से उच्चस्तरीय आरसीसी पुल और मंदिर टोला से रहुआ तक नहर पर 63.272 लाख की लागत से पुल का निर्माण होगा। इन चारों पुलों के बनने से स्थानीय ग्रामीणों को हर मौसम में सुरक्षित और सुगम आवागमन मिलेगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और सामाजिक जीवन को नई दिशा मिलेगी। इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि यह सिर्फ़ पुलों का निर्माण नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की राह खोलने वाला कदम है।



