PURNIA NEWS : सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किए जाने के बाद यहाँ से वाणिज्यिक उड़ानें शुरू हो जाएँगी। इंडिगो एयरलाइंस ने बुधवार को घोषणा की कि पहली उड़ान 17 सितंबर को कोलकाता के लिए होगी। इंडिगो के बिहार मार्केटिंग हेड दीपक कुमार ने पूर्णिया चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों के साथ बैठक कर बताया कि यह विमान दोपहर 2:25 बजे कोलकाता से उड़ान भरकर 3:35 बजे पूर्णिया पहुँचेगा, और 4:25 बजे पूर्णिया से उड़ान भरकर 5:35 बजे कोलकाता पहुँचेगा। फिलहाल यह सेवा सप्ताह में तीन दिन—सोमवार, बुधवार और शुक्रवार—को संचालित होगी। शुरुआती चरण में 78 सीटर विमान चलाया जाएगा, जिसकी टिकट बुकिंग इंडिगो एप पर अगले दो-तीन दिन में शुरू हो जाएगी।
चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव आदित्य केजरीवाल और कार्यकारिणी सदस्य आदित्य कर्ण ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों के संघर्ष और प्रयास का यह परिणाम है कि आज पूर्णिया को आधुनिक एयरपोर्ट की सौगात मिल रही है। उन्होंने इंडिगो प्रतिनिधियों से पूर्णिया से दिल्ली, मुंबई और बैंगलुरू के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इन शहरों के लिए कनेक्टिविटी विद्यार्थियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स के लिए अति आवश्यक है। दीपक कुमार ने आश्वासन दिया कि इस सुझाव को कंपनी के शीर्ष प्रबंधन तक पहुँचाया जाएगा और जल्द ही इन रूटों पर उड़ानों की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। बैठक में चैम्बर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष राजेंद्र संचेती, महासचिव आदित्य केजरीवाल, सदस्य प्रल्हाद कुमार, आदित्य कुमार कर्ण, पारस जेजानी, पप्पू लोहिया, प्रमोद पंसारी, आलोक लोहिया, अमित राज़, निर्मल जैन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।



