PURNIA NEWS : पूर्णिया के विद्या विहार आवासीय विद्यालय, परोरा स्थित रविवंश नारायण स्मारक सभागार में इंटेक पूर्णिया चैप्टर द्वारा आयोजित “इंटेक नेशनल हेरिटेज क्विज़ 2025” का सिटी लेवल राउंड बड़े उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में गजब का उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण फेसबुक, यूट्यूब समेत कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) राजकुमार गुप्ता उपस्थित थे, जबकि क्विज़ मास्टर की भूमिका राष्ट्रीय स्तर के प्रख्यात क्विज़र एवं लेखक श्री समीरन मोंडल ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन इंटेक हेड ऑफिस दिल्ली और पूर्णिया चैप्टर के संयोजक इंजीनियर राजेश चंद्र मिश्र के मार्गदर्शन में हुआ। इस प्रतियोगिता में 18 विद्यालयों से 126 टीमों ने भाग लिया और प्रारंभिक लिखित परीक्षा से लेकर मंचीय राउंड तक कई रोचक मुकाबलों के बाद विजेताओं की घोषणा की गई।
विद्या विहार आवासीय विद्यालय के सबल कुमार और दर्शील ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि डी.ए.पी.एस के कुमार आदित्य और मो. अहमद रज़ा उपविजेता बने। तीसरे स्थान पर विद्या विहार के उत्कर्ष एवं अक्षत भारद्वाज, चौथे स्थान पर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की प्रज्ञा पराशर एवं रिमझिम कुमारी, पांचवें पर विद्या विहार के रुम्मन शम्स एवं मयूख सिंह और छठे स्थान पर ताराचंद धानुका अकादमी के लकी कुमार झा एवं अंजनी कुमार रहे। लगातार चौथे वर्ष सिटी लेवल पर जीत दर्ज कर विद्या विहार आवासीय विद्यालय ने अपनी श्रेष्ठता कायम रखी और अब यह टीम बिहार स्टेट लेवल प्रतियोगिता में पूर्णिया का प्रतिनिधित्व करेगी। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, स्टाफ और इंटेक टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में संयोजक इंजीनियर राजेश चंद्र मिश्र ने सभी अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।




