PURNIA NEWS : जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर गुरुवार को कुकरौन अमारी से जुलूस-ए-मोहम्मदी का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ बिहार के प्रदेश उपाध्यक्ष मो. वसीम कमाली, प्रो. मो. शब्बीर आलम अशरफी और पूर्व मुखिया अब्दुल बारीक ने किया। हजारों की संख्या में लोगों की मौजूदगी में जुलूस हबीब चौक से बथनाहा, अलीनगर, सोनापुर सहित विभिन्न मार्गों से होकर उच्च माध्यमिक विद्यालय के मकतब मैदान तक पहुँचा, जहाँ मौलानाओं ने तकरीर करते हुए पैगंबर मोहम्मद साहब की जिंदगी और उनके बताए रास्तों पर चलने का संदेश दिया। अंत में दुआ और फातिहा की गई।
कार्यक्रम में धमदाहा एसडीओ अनुपम कुमार, पुलिस पदाधिकारी संदीप गोल्डी और थानाध्यक्ष सरोज कुमार के नेतृत्व में प्रशासन की ओर से पूरी मुस्तैदी बरती गई। शिरते अशरफी कमिटी के बैनर तले आयोजित इस जुलूस को सफल बनाने में मो. एहतेशाम आलम, मो. ज़मीर अनवर, मो. जुल्फिकार अली भुट्टो, मो. मनीरूद्दीन नजामी, मो. शाहिद जुल्फिकार समेत कई सामाजिक कार्यकर्ताओं का अहम योगदान रहा। वहीं चन्द्ररही, नीरपुर, खनुआं और डकैता में भी स्थानीय मौलानाओं और समाजसेवियों के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया, जो विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण कर दुआ व फातिहा के साथ सम्पन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में यह पर्व शांति और सौहार्द के माहौल में मनाया गया।



