PURNIA NEWS : पूर्णिया एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा, जिसे लेकर पूरे सीमांचल और उत्तर बिहार में उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि एयरपोर्ट के शुरू होने से पूर्णिया और आसपास के जिलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र के विकास को नई उड़ान मिलेगी।
उन्होंने बताया कि आज उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य सचिव, डीजीपी और अन्य अधिकारियों के साथ गुलाबबाग, शीशाबाड़ी स्थित कार्यक्रम स्थल और एयरपोर्ट का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। लेसी सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट न केवल व्यापार और पर्यटन को गति देगा बल्कि रोजगार सृजन और उत्तर बिहार की प्रगति का भी प्रतीक बनेगा।




