PURNIA NEWS,आनंद यादुका : भवानीपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित डा० अम्बेडकर सभागर में शनिवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक का आयोजन किया गया । भवानीपुर प्रखंड प्रमुख मंटी कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण, आशा बहाली में अनियमितता, सरकारी जमीन को बेचने के चल रहे खेल, डीलरों द्वारा राशन में किये जा रहे कटौती, बिजली की समस्या जैसे कई ज्वलंत मुद्दे छाये रहे । वहीं बैठक से ज्यादातर अधिकारियों के अनुपस्थित रहने को लेकर मौजूद जनप्रतिनिधियों में काफी ज्यादा आक्रोश बना रहा । बैठक में मौजूद सांसद प्रतिनिधि भगवान पंडित ने भवानीपुर आरओ सादिक आलम से सदन में सवाल किया कि प्रखंड मुख्यालय की जमीन का अभी तक नामांतरण क्यों नहीं किया गया । उन्होंने यह भी सवाल उठाए की बाजार की सड़कों पर अवैध अतिक्रमण से लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है , इस अवैध अतिक्रमण को कबतक हटाया जायेगा । इसके जवाब में आरओ सादिक आलम ने सदन को आश्वस्त कराते हुए कहा कि बहुत जल्द अवैध अतिक्रमण की समस्या से लोगों को निजात दिलाया जायेगा और प्रखंड मुख्यालय की जमीन का भी नामांतरण किया जायेगा ।
वहीं सदन में मुखिया मनोज सिंह ने बताया कि शराब माफिया राजीव साह के द्वारा दुद्धी धार की जमीन को बेचा जा रहा है और इसकी शिकायत किये जाने के बावजूद अंचल कार्यालय से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है । उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आशा बहाली में अस्पताल में कार्यरत आशा मैनेजर के द्वारा पंचायत से चयनित आशाओं को चयन पत्र क्यों नहीं दिया जा रहा है । जबकि समिति सदस्य परवेज आलम ने सदन को को बताया कि डीलरों के द्वारा लाभुकों को कम अनाज दिया जाता है । इसको लेकर सदन में काफी गहमागहमी का माहौल बना रहा । वहीं सदन में मौजूद लगभग सभी जनप्रतिनिधियों ने बिजली की लचर समस्या को लेकर आवाज उठाने का काम किया ।
बैठक में मौजूद बीडीओ आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि सभी सवालों को प्रोसोडिंग में ले लिया गया है । सभी समस्याओं के निदान के लिए संबंधित अधिकारियों सहित बरिय अधिकारियों को पत्राचार किया जायेगा । वहीं बीडीओ श्री शर्मा ने बताया कि बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों को स्पष्टीकरण पूछा जायेगा । बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० नवीन कुमार उपरोझिया, बीडीओ आलोक कुमार शर्मा, बीसीओ संजीव कुमार, जेई जितेंद्र कुमार साह, सभी पंचायत सचिव, लाठी मुखिया प्रतिनिधि रविंद्र कुमार मंडल, पैक्स अध्यक्ष तबरेज आलम सहित सभी समिति सदस्य एवं मुखिया मौजूद थे ।



