PURNIA NEWS, किशन भारद्वाज : पूर्णिया विश्वविद्यालय, पूर्णिया में चार वर्षीय स्नातक (CBCS) सत्र 2025-2029 के लिए नामांकन प्रक्रिया जोर-शोर से जारी है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, आज 26 जून 2025 की अपराह्न 4:46 बजे तक कुल 57,245 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। यह आंकड़ा बताता है कि छात्रों में इस बार के शैक्षणिक सत्र को लेकर अत्यधिक उत्साह देखा जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में आवेदन की रफ्तार में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई है। जहां 14 जून को केवल 1155 आवेदन प्राप्त हुए थे, वहीं 23 जून को एक दिन में सबसे अधिक 10,541 आवेदन दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त 21 और 22 जून को भी क्रमशः 5,905 और 5,828 आवेदनों के साथ उल्लेखनीय गतिविधि देखी गई। पाठ्यक्रमवार आंकड़ों पर नज़र डालें तो सर्वाधिक रुचि बी.ए. (ऑनर्स विद रिसर्च) पाठ्यक्रम में देखने को मिली, जिसके अंतर्गत कुल 47,714 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बी.एससी. (ऑनर्स विद रिसर्च) के लिए 8,392, जबकि बी.कॉम. (ऑनर्स विद रिसर्च) के लिए 1,139 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
वर्गवार (Category-wise) विश्लेषण से स्पष्ट है कि सर्वाधिक संख्या अति पिछड़ा वर्ग (EBC) की रही है, जिनसे 25,910 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके बाद पिछड़ा वर्ग (BC) से 13,962, सामान्य वर्ग से 9,622, अनुसूचित जाति (SC) से 5,365, अनुसूचित जनजाति (ST) से 2,125, और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) से 261 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं लिंग के आधार पर देखें तो महिला आवेदकों की संख्या पुरुषों से अधिक रही है। अब तक 31,464 महिलाएं और 25,780 पुरुष विद्यार्थियों ने आवेदन किया है, जबकि एक ट्रांसजेंडर विद्यार्थी ने भी नामांकन हेतु आवेदन दिया है — जो समावेशी शिक्षा की दिशा में सकारात्मक संकेत है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नामांकन की यह प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से समर्थ पोर्टल पर संचालित हो रही है। इच्छुक छात्र-छात्राएं आज 26 जून 2025 की मध्य रात्रि 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं, इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। इस संबंध में नोडल पदाधिकारी, डॉ. सुमन सागर, सहायक कुलसचिव (प्रशासन – I), ने बताया कि विश्वविद्यालय की तकनीकी टीम नामांकन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए लगातार कार्यरत है और छात्रों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।



