PURNIA NEWS : पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ़ पप्पू यादव शनिवार को गंगा कटाव और बाढ़ से प्रभावित सबलपुर, सोनपुर और छपरा के इलाकों का दौरा करने पहुँचे। इस दौरान उन्होंने हालात का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को 50 हज़ार रुपये की तत्काल आर्थिक मदद दी। सांसद ने कहा कि गंगा के कटाव ने हजारों परिवारों को घर-आंगन छोड़ने पर मजबूर कर दिया है और उनका जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर स्तर पर पीड़ितों की आवाज उठाई जाएगी और उन्हें राहत दिलाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान सांसद ने सारण जिले के अधिकारियों से फ़ोन पर बातचीत कर राहत कार्यों को तत्काल तेज़ करने पर ज़ोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से कम्युनिटी किचन शुरू करने की अपील की, ताकि विस्थापित परिवारों को भोजन की समस्या न झेलनी पड़े। साथ ही विभागीय सचिव संतोष कुमार मल्ल से भी उन्होंने चर्चा कर बचाव और राहत कार्य को गति देने की मांग की।
पप्पू यादव ने कहा कि केवल सर्वेक्षण और बैठकों से हालात नहीं बदलेंगे, प्रशासन को ज़मीनी स्तर पर ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि गंगा कटाव से प्रभावित क्षेत्रों को आपदा प्रभावित घोषित कर मुआवज़ा और पुनर्वास योजना तुरंत लागू की जाए। लोगों ने सांसद के इस दौरे को राहत की उम्मीद बताया और कहा कि उनकी मौजूदगी से प्रशासन पर दबाव बनेगा तथा समस्याओं के समाधान की राह आसान होगी।



