PURNIA NEWS : पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र में रविवार को विकास कार्यों की एक लंबी श्रृंखला का शुभारंभ हुआ। हरदा शिव मंदिर चौक पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में विधायक विजय खेमका ने ग्रामीण कार्य विभाग की 16 सड़कों एवं नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत मुख्यमंत्री शहरी समग्र योजना के तहत बनने वाली 59 सड़कों का संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत टोला-मोहल्ले की महिला एवं पुरुषों द्वारा श्रीफल तोड़कर विधिवत रूप से की गई। विधायक ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की 16 सड़कों का मरम्मतीकरण ईस्ट ब्लॉक के विभिन्न पंचायतों में किया जाएगा, जिनकी कुल लंबाई लगभग 30 किलोमीटर है। इस कार्य पर लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वहीं, शहर में बुडको द्वारा बनने वाली 59 सड़कों की कुल लंबाई करीब 14 किलोमीटर होगी, जिसके निर्माण पर 27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि आज पूर्णिया विधानसभा के गांव और शहर, दोनों में सड़कों का जाल बिछ चुका है। एनडीए सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की योजनाएं हर घर तक पहुंच रही हैं।
इसके साथ ही विधायक खेमका ने अपने विधायक निधि से निर्माणाधीन कई परियोजनाओं का भी शिलान्यास और उद्घाटन किया —
बस स्टैंड के सामने कर्पूरी ठाकुर स्मारक,
आर.एन. साह चौक के बगल में वीर कुंवर सिंह स्मारक,
तथा पक्की तालाब के पास मत्स्य विभाग के बगल में मछुआरों के लिए पक्का भवन।
इन सभी परियोजनाओं का शुभारंभ विधायक ने स्थानीय लोगों के साथ श्रीफल तोड़कर किया। विधायक ने आगे कहा कि यह सिर्फ सड़कों का निर्माण नहीं, बल्कि जनसुविधाओं को मजबूत करने और क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम है। इसी क्रम में माघी कॉलोनी में लाल कोठी से छठ पोखर तक की सड़क का भी स्थानीय नागरिकों और एनडीए कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सिंह, भानु देवी, बमबम झा, विमल मंडल, विजय दास, गणेशी शाह, सदानंद पासवान, प्रदीप शाह, गोपाल सिंह, सोनू सिंह, रितेश सिंह दिनकर, स्नेही मनोज सिंह, पंकज कुमारी, करुणा झा, देवी सिंह, सरिता राय, रिंकू राय और नवल राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।



