PURNIA NEWS : पूर्णिया एयरपोर्ट के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दिल्ली से पटना लौटने के बाद भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के पूर्वी क्षेत्र के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। बैठक में उन्होंने एयरपोर्ट निर्माण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और 15 अगस्त 2025 तक यात्री सेवा आरंभ करने का स्पष्ट निर्देश दिया। सांसद ने कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट सिर्फ एक अधोसंरचना परियोजना नहीं, बल्कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र की जनता के लिए सपनों की उड़ान है। यह क्षेत्र वर्षों से हवाई सुविधा से वंचित रहा है और अब उनके प्रयासों से यह सपना साकार हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को किसी प्रकार की ढिलाई या गड़बड़ी से बचने की सख्त हिदायत दी और समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने पर बल दिया।
पप्पू यादव ने बताया कि इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए उन्होंने लगातार नागरिक उड्डयन मंत्रालय में पैरवी की, लोकसभा में मुद्दा उठाया और अनेक बार संबंधित अधिकारियों से मिलकर समाधान खोजा। उन्होंने विश्वास जताया कि एयरपोर्ट शुरू होते ही आर्थिक, सामाजिक और परिवहन विकास की दिशा में पूर्णिया नए मुकाम पर पहुंचेगा। यह एयरपोर्ट सीमांचल के लाखों लोगों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ेगा, जिससे रोजगार, निवेश और पर्यटन को भी बल मिलेगा।



