PURNIA NEWS : पूर्णिया विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को लेकर छात्र राजद का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार को छात्र राजद पूर्णिया जिला इकाई के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर में तालाबंदी और घेराव किया गया, जिससे विश्वविद्यालय का कामकाज प्रभावित रहा। इस दौरान छात्रों ने लंबित परीक्षाफल, नामांकन, छात्रवृत्ति, सत्र विलंब और प्रशासनिक लापरवाही जैसे मुद्दों को उठाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र राजद पूर्णिया जिला अध्यक्ष मोहम्मद बिस्मिल ने कहा कि आंदोलन की पूर्व सूचना के बावजूद कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह विश्वविद्यालय नहीं पहुंचे और अपने आवास पर ही बने रहे, जो छात्रों के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बावजूद छात्रों की अधिकांश समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। बिस्मिल ने कहा कि समस्याओं से बचना न तो विश्वविद्यालय के हित में है और न ही हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य के लिए। छात्र राजद ने कुलपति से संवाद कर तत्काल समाधान की मांग की और चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक सकारात्मक पहल नहीं हुई तो कुलपति आवास के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि छात्रों के अधिकार और भविष्य की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा।



