PURNIA NEWS,अभय कुमार सिंह : प्रखंड के सिमडा घाट पुल के संपर्क पथ की कलई खुल गई है तथा वह पहली ही बरसात में आयी बाढ से बालू की भीत की तरह भरभरा गई है । इसके संपर्क पथ में घटिया कार्य किये जाने को लेकर कइबार ग्रामीणों ने आवाज उठायी थी, नतीजा सामने है । इस संबंध में मुखिया पवित्री देवी, सरपंच उषा देवी, पंचायत समिति सदस्य निर्मला देवी आदि ने बताया कि संपर्क पथ के घटिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों द्वारा कईबार आवाज उठायी गई थी । कईबार यहां इसको लेकर अधिकारी भी आए, परंतु बस लीपापोती करके चले गए । आज घटिया निर्माण की कलई खुल गई है । जब एप्रोच पथ बना था, तब लगा था कि अब कोई परेशानी नहीं होगी तथा लोग आसानी से मुख्यालय आ-जा सकेंगे, परंतु अब तो फिर से वही समस्या हो गई है । लोगों को अब कटिहार जिला होकर ही लोग प्रखंड मुख्यालय जाने को मजबूर होंगे ।
यह बता दें कि रामसखी इंटर प्राइजेज द्वारा यह सडक 2021 से 2022 तक बनना था, परंतु एक साल बाद इसका निर्माण होना शुरू हुआ, निर्धारित समय के अनुसार इसे 2023 में बन जाना था, परंतु ठीकेदार द्वारा उदासीनता बरतने के कारण तीन साल लग गए । पुल निर्माण में भी कईबार घटिया काम करने को लेकर कईबार ठीकेदार एवं ग्रामीण आमने-सामने हुए थे । पुल बनने के बाद इसके एप्रोच पथ निर्माण में भी काफी घटिया कार्य किया जाना ही इसके टूटने का कारण माना जा रहा है । जबकि इस जगह पर कोई धारा भी नहीं बहती है । देखें अब इसकी मरम्मती कबतक होती है या फिर आमलोगों को उनकी परेशानी के बीच छोड दिया जाता है ।



