PURNIA NEWS,अभय कुमार सिंह : पूर्णिया जिला के धमदाहा प्रखंड अंतर्गत दक्षिण क्षेत्र के एकमात्र प्रमुख व्यवसायिक केंद्र मोहनपुर बाजार के लोगों को अब जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से जलनिकासी की खराब व्यवस्था के कारण बाजार की सड़कें जलमग्न रहती थीं, जिससे आम जनजीवन के साथ व्यापार भी प्रभावित हो रहा था। लेकिन दैनिक जागरण में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए विधायक शंकर सिंह ने इस गंभीर समस्या पर तत्काल पहल की है। मंगलवार को विधायक शंकर सिंह स्वयं मोहनपुर बाजार पहुंचे और स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बाजार की सड़क जो मुख्य सड़क के निर्माण के बाद काफी नीचे चली गई है, उसे ऊंचा करने की आवश्यकता को समझते हुए ग्रामीण विकास विभाग के उपस्थित अभियंता (JE) को तत्काल प्राक्कलन तैयार कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण का कार्य उनके विधायक निधि से कराया जाएगा।
विधायक शंकर सिंह ने मौके पर कहा, “जनता की समस्या मेरी अपनी समस्या है। जब तक मैं जनप्रतिनिधि हूँ, तब तक जनता के दुख-दर्द का समाधान मेरी प्राथमिकता है।” उन्होंने यह भी बताया कि वर्षों से लंबित रूपौली-मोहनपुर-लालगंज सड़क का कार्य भी उनके निरंतर प्रयास से ही दोबारा प्रारंभ हो सका है। इस घोषणा से बाजारवासी और आसपास के ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। स्थानीय सरपंच गौतम कुमार गुप्ता, मुखिया प्रतिनिधि विक्रम मंडल समेत बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने विधायक को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह निर्णय बाजार की दशा और दिशा दोनों को बदलने वाला साबित होगा।



