PURNIA NEWS : पूर्णिया जिलान्तर्गत धमदाहा प्रखंड मुख्यालय आज देशभक्ति और भावुकता का केंद्र बन गया, जब 25 अगस्त 1942 के आंदोलन में शहीद हुए 15 अमर सेनानियों की स्मृति में राजकीय शहादत दिवस समारोह का आयोजन हुआ। इस ऐतिहासिक मौके पर बिहार सरकार के जल संसाधन एवं संसदीय कार्य विभाग के मंत्री सह पूर्णिया जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी तथा खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। दोनों मंत्रियों ने शहीद स्मारक स्थल पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और सर्वधर्म प्रार्थना सभा में शामिल होकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अपने संबोधन में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि धमदाहा की पावन धरती भारत के स्वतंत्रता संग्राम का सुनहरा अध्याय है, जहां वीर सपूतों ने मातृभूमि के लिए प्राण न्योछावर किए। उन्होंने कहा कि यह स्मारक न केवल शहीदों की कुर्बानी का प्रतीक है बल्कि सामाजिक एकता और राष्ट्रीय अखंडता का भी संदेश देता है। वहीं मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि धमदाहा के 15 अमर सेनानी हमारे समाज का आईना हैं, जिनमें हर जाति और धर्म की झलक दिखाई देती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि शहीदों के आदर्शों पर चलकर हम जाति-धर्म की संकीर्णता से ऊपर उठें और समाज में प्रेम, भाईचारे और साम्प्रदायिक सौहार्द को जीवित रखें।
समारोह में अमर शहीदों के परिजनों को शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, जिनकी आंखों की नमी ने माहौल को और भी भावुक बना दिया। इस मौके पर मंत्री लेशी सिंह ने जनसमूह की ऐतिहासिक भागीदारी पर आभार जताते हुए कहा कि धमदाहा की जनता ने अपनी उपस्थिति से यह साबित कर दिया है कि शहीदों के त्याग और बलिदान की स्मृति आज भी जन-जन के दिल में जीवित है। समारोह के दौरान हजारों की संख्या में उमड़े लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और पूरे प्रांगण में देशभक्ति का माहौल छा गया।




