PURNIA NEWS : देश में लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक एकता पर मंडरा रहे खतरे के खिलाफ महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी जनसंघर्ष की शुरुआत कर चुके हैं। इसी कड़ी में वे 17 जुलाई 2025 को पूर्णिया पहुंचेंगे। उनके स्वागत व कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जय प्रकाश सेवा संस्थान, गांधीनगर पूर्णिया में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रो. आलोक कुमार ने की। बैठक में पटना से आए संयोजक शाहिद कमाल, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और युवा बड़ी संख्या में मौजूद थे। तुषार गांधी पूर्णिया आगमन के दिन गांधी, रेणु, अंबेडकर और जयप्रकाश नारायण की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर कला भवन तक जुलूस में भाग लेंगे, जहां जनसभा को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की सफलता को लेकर प्रो. आलोक कुमार को प्रमंडलीय संयोजक और सौरभ कुमार को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। साथ ही एक तैयारी समिति गठित की गई है जिसमें विभिन्न जिलों से प्रमुख कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। तुषार गांधी इस सभा में देश में बढ़ती फासीवादी और सांप्रदायिक प्रवृत्तियों के खिलाफ बिगुल फूंकते हुए, लोकतंत्र और भाईचारे की पुनर्स्थापना का आह्वान करेंगे।



