PURNIA NEWS,विमल किशोर : अमौर प्रखंड के बंकेनिया बरेली गांव में शनिवार को करंट लगने से दो लोगों की दर्दनाक मौत के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही बायसी एसडीएम अभिषेक रंजन, एसडीपीओ जितेन्द्र पांडे, बीडीओ रंजीत कुमार सिंह और सीओ कृष्ण मोहन राय मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। प्रशासनिक अधिकारियों ने केवल सांत्वना ही नहीं दी बल्कि आपदा राहत कोष के तहत त्वरित सहायता भी प्रदान की, जिसमें सूखा राशन, एक क्विंटल चावल-गेहूं और नकद राशि शामिल थी।
एसडीएम ने बताया कि मृत्यु प्रमाण पत्र व पारिवारिक लाभ से संबंधित दस्तावेजों को युद्ध स्तर पर तैयार किया जा रहा है, जिससे पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलते ही चार लाख रुपये की सहायता राशि तुरंत दी जा सके। मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक सबा जफर ने भी पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और अधिकारियों से शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की। घटना स्थल पर मुखिया प्रतिनिधि मो. मुख्तार अहमद सहित कई स्थानीय लोग भी मौजूद थे।



