पूर्णिया: धमदाहा थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी होनहार युवक राहुल कुमार की बीकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत पटराहा गांव के बेलदारी टोला में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों का आरोप है कि हत्यारों ने राहुल की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची और शव के सीने पर कट्टा रख दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए धमदाहा एसडीएम, एसडीपीओ सहित धमदाहा, बीकोठी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करने की बात कह रही है।
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



