अररिया, प्रिंस कुमार : उत्पाद विभाग ने भ्रष्टाचार पर सख्त रुख अपनाते हुए रानीगंज मद्य निषेध थाना प्रभारी सुषमा कुमारी और एएसआई मनोज कुमार को रिश्वत लेने के आरोप में तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। यह कदम उस वीडियो और ऑडियो क्लिप के सामने आने के बाद उठाया गया, जिसमें दोनों अधिकारियों को शराब पीने के आरोप में पकड़े गए लोगों से पैसे मांगते सुना और देखा जा रहा है। आरोप है कि पैसे न देने पर केस दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी जा रही थी, जबकि भुगतान करने पर छोड़ने की बात कही गई थी।
मामला सामने आते ही उत्पाद विभाग ने इसे गंभीर मानते हुए मद्य निषेध इंस्पेक्टर राहुल दूबे को प्रारंभिक जांच सौंपी, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। रिपोर्ट को पटना मुख्यालय भेजने के बाद दोनों अधिकारियों को पद से हटाने का आदेश जारी कर दिया गया। उत्पाद अधीक्षक निरंजन कुमार झा ने बताया कि विभाग भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है और विस्तृत जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



