पूर्णिया: पूर्णिया जिला समाहरणालय के महानंदा सभागार में आयोजित पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में विधायक विजय खेमका ने मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल के समक्ष पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण सड़क चौड़ीकरण और ओवरब्रिज निर्माण के जनहितकारी प्रस्ताव रखे। विधायक ने जनता चौक से सरना पिंक सिटी (रामबाग), पूर्णिया सिटी से सोनौली चौक और गुलाबबाग सोनौली चौक से बीरपुर लोखड़ा तक की प्रमुख सड़कों को टू-लेन करने की मांग करते हुए कहा कि इससे शहर को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
साथ ही जर्जर खुश्कीबाग रेलवे ओवरब्रिज को फोरलेन में तब्दील करने, बिलौरी से सनोली सड़क और पंचमुखी हनुमान मंदिर से रामबाग होते हुए कसवा तक एसएच सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी रखा गया। बैठक में मेडिकल कॉलेज के सामने यातायात सुरक्षा को देखते हुए दोनों ओर फुटपाथ निर्माण और नेवालाल चौक, पॉलिटेक्निक चौक व पूर्णिया सिटी चौक पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने के निर्देश मंत्री द्वारा दिए गए। इसके अलावा पूर्णिया एयरपोर्ट से हरदा एनएच और पूर्णिया रेलवे जंक्शन व कोर्ट स्टेशन तक चौड़ी सड़क निर्माण के प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।
मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए विभाग को प्राथमिकता के आधार पर डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया। बैठक के बाद विधायक विजय खेमका ने कहा कि डबल इंजन सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पूर्णिया सहित बिहार का विकास तेज़ी से होगा और नए साल में पूर्णिया को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।



