पूर्णिया, आनंद यादुका : भवानीपुर नगर पंचायत के तेलियारी स्थित मध्य विद्यालय प्रांगण मंगलवार को एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब रुपौली विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक कलाधर मंडल का भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह अपार उत्साह, गरिमा और उमंग के साथ संपन्न हुआ। बिहार में सबसे अधिक मतों से प्रचंड जीत दर्ज करने के बाद पहली बार क्षेत्र में आगमन पर जनसमूह का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरा परिसर देर तक तालियों, स्वागत गीतों और जयघोषों से गूंजता रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा निवृत्त विद्यालय प्रधान मनानंद हर्ष ने की, जबकि मंच संचालन कुमार सौंदर्य उर्फ राजू सर ने अपने प्रभावी और सधे हुए अंदाज़ से कार्यक्रम को लगातार जीवंत बनाए रखा । अपने प्रेरक संबोधन में विधायक कलाधर मंडल ने जनता के समर्थन और स्नेह के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी तथा ऊर्जा के साथ क्षेत्र के विकास में जुटने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क-परिवहन, कृषि तथा मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि विकास की एक-एक योजना को धरातल पर उतारना ही उनका संकल्प है। समारोह के दौरान लोगों ने विधायक को अंगवस्त्र, बुके और फूलमालाओं से सम्मानित कर उनके प्रति अपना प्रेम प्रकट किया। इसी अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध लेखक इंदुशेखर उर्फ कवि जी ने विधायक के सम्मान में भावनात्मक अभिनंदन पत्र का वाचन कर उन्हें अभिनंदन पत्र भेंट किया, जिससे समारोह का आत्मीय माहौल और भी प्रगाढ़ हो गया। कार्यक्रम में जदयू प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार दिनकर, बीकोठी प्रखंड जदयू अध्यक्ष माधव कुमार, राजकुमारी चौधरी, बरुन कुमार, पैक्स अध्यक्ष संजय मेहता, पवन कुमार साह, मनोज कुमार, डॉ. अजय कुमार, प्रदीप कुमार, अनिल कुमार साह, विवेक कुमार पटेल, निर्मल राय सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ा दी। पूरा आयोजन सौहार्द, भावनात्मक अपनत्व और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। तेलियारी में आयोजित यह अभिनंदन समारोह स्थानीय सामाजिक जीवन में एक यादगार दिन के रूप में लंबे समय तक याद किया जाएगा।




