SAHARSA NEWS,अजय कुमार :सदर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं के निर्माण की शुरुआत हो गई है।स्थानीय विधायक और पूर्व मंत्री डॉ आलोक रंजन, ने आज क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर कनेक्टिविटी और जल-निकासी की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से तीन प्रमुख पथ एवं नाला निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।ये परियोजनाएँ सहरसा नगर निगम और बनगांव नगर पंचायत क्षेत्र के निवासियों के लिए जीवन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।शिलान्यास की गई मुख्य परियोजनाएं जिसके अंतर्गत नगर निगम सहरसा क्षेत्र अंतर्गत पथ एवं नाला निर्माण कार्य गंगजला ट्यूशन ब्यूरो स्कूल से प्रभु दास के घर होते हुए संजू राणा टेंट हाउस होते हुए मदन झा के घर तक किया जाएगा। इस पथ और नाला निर्माण से क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को आवागमन और जल-जमाव की समस्या से निजात मिलेगी।साथ ही नगर निगम अंतर्गत महत्वपूर्ण नाला निर्माण कार्य सराही जयराम चौक से सुबोध साह के घर तक किया जाएगा। जो मानसून के दौरान जल निकासी की समस्या को स्थायी रूप से हल करने में सहायक होगा।वही नगर पंचायत बनगांव क्षेत्र अंतर्गत बनगांव पड़री मुख्य सड़क से सनोखरी बंगला होते हुए अरविंद चौधरी के घर तक पथ निर्माण का कार्य शिलान्यास किया गया। यह सड़क बनगांव नगर पंचायत के निवासियों के लिए एक बेहतर और सुगम मार्ग सुनिश्चित करेगी।
इस अवसर पर विधायक डॉ. आलोक रंजन ने कहा इन योजनाओं का शिलान्यास इस बात का प्रमाण है कि हम सहरसा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के माध्यम से हम शहरों और कस्बों को आधुनिक बुनियादी सुविधा उपलब्ध करवा रहे हैं। इन पथों और नालों के निर्माण से स्थानीय लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठेगा और उन्हें शहरी सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल पाएगा।उन्होंने आगे कहा कि विकास की यह गति निरंतर जारी रहेगी और वे यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी परियोजनाएँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी हों।इस शिलान्यास कार्यक्रम में वार्ड पार्षद विनय ठाकुर,वार्ड पार्षद राजेश सिंह,भाजपा जिला महामंत्री भैरब झा,जिला उपाध्यक्ष मिहिर झा, नगर अध्यक्ष आशीष गुप्ता,नगर अध्यक्ष अभिनव सिंह, नगर पंचायत बनगाँव के भाजपा अध्यक्ष महेश झा, प्रो रविन्द्र कुमार झा फुल बाबू, रवि शंकर झा, मनोरंजन खां, प्रशांत ठाकुर, सुनील झा, रोहित झा, संजय साह, रणविजय यादव और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इन विकास कार्यों के लिए विधायक डॉ. आलोक रंजन के प्रति आभार व्यक्त किया।



