SAHARSA NEWS,अजय कुमार : गम्हरिया प्रखंड मुख्यालय लाल बाबू ड्योढ़ी के पूरब, तीनटोलिया में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आयोजित श्रीरामचरितमानस एवं गीता ज्ञान यज्ञ के पावन अवसर पर कथा के अंतिम दिवस स्वास्थ्य प्रकल्प के अंतर्गत एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के प्रख्यात चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ दीं।शिविर में लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. संजीव कुमार भारती, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमन सौरभ, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आस्था यादव तथा जनरल फिजिशियन डॉ. जयमाला यादव और डॉ. यश खेतान विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन चिकित्सकों ने सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मरीजों की जाँच की और उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।इस शिविर में लगभग 1000 से अधिक लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जाँच करवाई। सभी रोगियों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ-साथ निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
आँखों की जाँच, रक्तचाप, शुगर, महिलाओं से संबंधित रोगों और सामान्य बीमारियों की जाँच के लिए विशेष काउंटर लगाए गए थे।दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के संस्थापक व संचालक सर्व श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्य स्वामी यादवेन्द्रानन्द जी ने बताया कि संस्था द्वारा न केवल आध्यात्मिक उन्नति के लिए श्रीरामचरितमानस एवं गीता ज्ञान यज्ञ जैसे आयोजन किए जाते हैं, बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास हेतु शिक्षा, नशा उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण, संतुलन और स्वास्थ्य जैसी योजनाओं पर भी विशेष बल दिया जाता है।लोगों ने बताया कि गाँव और आसपास के क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर का आयोजन होना स्थानीय जनता के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं की कमी को देखते हुए यह पहल लोगों के स्वास्थ्य जीवन के लिए बहुत महत्वपूर्ण मानी गई।
शिविर में आने वाले मरीजों ने चिकित्सकों के योगदान और संस्था के इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की। सभी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और रोगमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देने वाले हैं।इस अवसर पर संस्था के स्वयंसेवकों ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने व्यवस्था, पंजीकरण, मरीजों को संबंधित विभाग तक पहुँचाने और दवा वितरण कार्य को पूरी निष्ठा से संपन्न किया।कार्यक्रम के अंत में डॉक्टरों और स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया तथा यह संकल्प लिया गया कि भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज का प्रत्येक वर्ग स्वास्थ्य के क्षेत्र में लाभान्वित हो सके।



