SAHARSA NEWS, अजय कुमार : सहरसा के पटुआहा स्थित ईस्ट एन वेस्ट टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में शुक्रवार को बीएड और डीएलएड विभाग के छात्राध्यापकों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित समारोह का उद्घाटन चेयरमैन डॉ. रजनीश रंजन ने दीप प्रज्वलित कर किया और प्राध्यापकों संग राधाकृष्णन के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर केक काटकर शिक्षाविद की जयंती मनाई गई। चेयरमैन ने अपने संबोधन में शिक्षकों और छात्राध्यापकों को शुभकामनाएं देते हुए राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेकर एक कुशल शिक्षक बन समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को प्राचार्य अंशु कुमार गुप्ता, विभागाध्यक्ष डॉ. बसंत कुमार मिश्रा, प्रियंका पांडेय, उमाशंकर सिंह और जनसंपर्क पदाधिकारी अभय मनोज ने भी संबोधित किया। छात्राध्यापकों ने अपने गुरुजनों का पैर छूकर आशीर्वाद लिया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान किया। गुरु वंदना गीत से शुरू हुए इस कार्यक्रम में छात्राध्यापिकाओं और छात्राध्यापकों ने गीत व नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को अविस्मरणीय बना दिया। दिव्या, शिवानी कर्ण, पल्लवी, आकांक्षा, विभा, प्रगति, राम-लक्ष्मण, सरस्वती, अम्बुज, अंशु, सुजीत, सुभाष और कुंदन समेत कई छात्राध्यापकों की प्रस्तुतियों ने शिक्षक दिवस को यादगार बना दिया।



