पूर्णिया, आनंद यादुका : धमदाहा प्रखंड अंतर्गत प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय बघवा कन्या में छात्राओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की जा रही है। रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना के तहत विद्यालय परिसर में छात्राओं को विशेष आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाध्यापक रूपेश कुमार एवं सहायक राजेश कुमार की उपस्थिति में किया जा रहा है। प्रशिक्षक प्रवीण कुमार द्वारा छात्राओं को मार्शल आर्ट की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें पंच और किक का सही उपयोग, हाथ पकड़ने जैसी स्थितियों से बचाव, अचानक होने वाले हमलों से स्वयं को सुरक्षित रखने के तरीके तथा आत्मरक्षा में आवश्यक मानसिक सतर्कता जैसे महत्वपूर्ण कौशल शामिल हैं।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राएं पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रत्येक गतिविधि का अभ्यास कर रही हैं। प्रशिक्षण सत्रों में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बना रही है। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रूपेश कुमार ने बताया कि इस तरह के आत्मरक्षा प्रशिक्षण से छात्राओं में न केवल शारीरिक मजबूती आती है, बल्कि मानसिक रूप से भी वे सशक्त बनती हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सीखने की लगन और अनुशासन इस कार्यक्रम की सफलता का प्रमाण है। विद्यालय में चल रहा यह आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।



