Bihar Election 2025,प्रिंस(अन्ना राय) : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए, आज परमान सभागार अररिया में सप्लीमेंट्री वीवीपैट (VVPAT) का द्वितीय रैण्डमाईजेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया। यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में ज़िले में नियुक्त सभी प्रेक्षकगण की उपस्थिति में आयोजित की गई।
सॉफ्टवेयर के माध्यम से रैण्डमाईजेशन
रैण्डमाईजेशन की यह पूरी प्रक्रिया एक विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से पूरी की गई, जो निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करता है। इस दौरान, सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के प्रेक्षक मौजूद रहे सामान्य प्रेक्षक 46-नरपतगंज नेहा मार्व्या, 47-रानीगंज विजय दयाराम के, 48-फारबिसगंज वी कलैयारासी, 49-अररिया संजीव सिंह, 50-जोकीहाट एस मलारविझी, 51-सिकटी इन्द्रमणि त्रिपाठी कार्यक्रम के समापन पर, उपस्थित सभी प्रेक्षकों ने रैण्डमाईजेशन की संपूर्ण प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया और जिला प्रशासन अररिया द्वारा की गई तैयारियों की सराहना की।
सीसीटीवी कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण
सप्लीमेंट्री वीवीपैट का द्वितीय रैण्डमाईजेशन पूरा होने के तुरंत बाद, चुनाव प्रेक्षकगण द्वारा जिला मुख्यालय स्थित सीसीटीवी कमांड कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया। प्रेक्षकों ने कंट्रोल रूम में स्थापित मॉनिटरिंग सिस्टम और निगरानी की प्रक्रिया का विस्तार से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान, प्रेक्षकों ने संबंधित पुलिस पदाधिकारी को सख्त निर्देश दिया कि मतदान से पूर्व और मतदान दिवस पर सभी कैमरों की तकनीकी जांच सुनिश्चित कर ली जाए। यह सुनिश्चित किया जाना है कि सीसीटीवी के माध्यम से रियल टाइम मॉनिटरिंग से मतदान दिवस की प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा बनी रहे। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अनिल कुमार और पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार सहित संबंधित तकनीकी कर्मी मौजूद थे।



