ARARIA NEWS, प्रिंस कुमार : भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 52वीं वाहिनी ने सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम के तहत शनिवार को लैलोखर सामुदायिक भवन में विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कमांडेंट महेंद्र प्रताप के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में एसएसबी के चिकित्सकों ने ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक दवाइयों का मुफ्त वितरण किया। बदलते मौसम के कारण सर्दी, खांसी, बुखार और डायरिया के मरीजों की संख्या अधिक रही।
इस अवसर पर एसएसबी के अधिकारियों ने ग्रामीणों को ठंड से बचाव, गर्म कपड़ों के उपयोग और स्वच्छता बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया। शिविर से लाभान्वित ग्रामीणों ने एसएसबी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरदराज के इलाकों में ऐसे आयोजन जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं, वहीं बल के अधिकारियों ने दोहराया कि सीमावर्ती नागरिकों का कल्याण और स्वास्थ्य सुरक्षा भी एसएसबी की प्राथमिकताओं में शामिल है।



