पूर्णिया: किलकारी बिहार बाल भवन परिसर में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह आज बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया, जहां बच्चों में देशभक्ति का अद्भुत जज्बा और जुनून देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत किलकारी परिसर में शोभानंद जी द्वारा ध्वजारोहण और सलामी के साथ हुई, जिसमें बच्चे, अभिभावक, प्रशिक्षक और कर्मी शामिल रहे। झंडोतोलन के उपरांत कीबोर्ड, गिटार और हारमोनियम की मधुर धुनों पर जन गण मन गाकर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद तिरंगे को समर्पित लोक संगीत प्रस्तुत किए गए।
सुबह के सत्र में किलकारी परिसर और इंदिरा गांधी स्टेडियम, पूर्णिया में बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत लोक संगीत, नृत्य और संगीत की प्रस्तुति दी, साथ ही ताइक्वांडो की विधा में भी बच्चों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर किलकारी के 80 बच्चों द्वारा स्टेडियम में ‘जयति जयति मन भारतम्’ शीर्षक से एक भव्य नृत्य-रचना प्रस्तुत की गई, जिसमें बिहार, उत्तर प्रदेश, गुजरात, असम, कश्मीर, हरियाणा, महाराष्ट्र, पंजाब समेत विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली।

यह नृत्य शास्त्रीय शैलियों जैसे ओडिसी, कथक, मोहिनीअट्टम के साथ-साथ मयूर नृत्य और आदिवासी नृत्य का अद्भुत संगम था, जिसे किलकारी के नृत्य प्रशिक्षकों ने तैयार कराया था। कार्यक्रम में ‘सुंदर शुभूमि’, ‘नृत्य वंदे मातरम’, ‘मेरा कर्मा तू देशभक्ति’ और ‘माई तेरी चुनरिया’ जैसे देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां दी गईं। समारोह के अंत में सत्र 2024-25 के दौरान राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करने वाले बच्चों को बाल सम्मान प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास और भी बढ़ा।



