पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: रूपौली प्रखंड के युवा होटल व्यवसायी सह चंद्रवंशी ढाबा के मालिक की रविवार की देर रात अचानक मौत होने की खबर से यहां के लोगों में शोक की लहर फैल गई है, शुभचिंतकों को विश्वास ही नहीं हो रहा है कि 28 वर्शीय युवक पंकज अब इस दुनिया में नहीं रहे हैं। पंकज इस क्षेत्र के सबसे होनहार एवं मिलनसार होटल व्यवसायी थे, वे गरीबघाट पर चंद्रवंशी ढाबा अपने चाचा के साथ चलाते थे। वे पटना के रहनेवाले थे, लगभग तीन दशकों से यहीं रहकर अपना होटल का व्यवसाय चला रहे थे। उन्होंने किसी का दिल आजतक नहीं दुखाया था, बल्कि किसी गरीब को पैसा नहीं रहने पर भी भूखा लौटने नहीं देते थे। विधायक शंकर सिंह सहित बजरंगदल के कार्यकर्त्ताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
इस घटना के बारे मृतक पंकज की छोटी बहन सोनाली ने रोते हुए बताया कि प्रतिदिन की तरह उसके पंकज भैया रात को लगभग डेढ बजे टीकापट्टी स्थित घर आए। उन्होंने प्रतिदिन की तरह दवाएं खायीं तथा कुत्ते से खेलने के बाद, अचानक उन्हें खांसी उठी तथा उन्हें खून की उल्टी के साथ ही उनका हाथ-पैर सून्न पड गया। तत्काल उन्हें रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार कर, पूर्णिया रेफर कर दिया गया। वहां से भी उनकी गंभीर हालत को देखते हुए, निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनकी रात में ही मौत हो गई। उनकी मौत की खबर पाते ही पूरा इलाका सन्न रह गया । पत्नी सविता देवी, मां सुनैना देवी, चाचा मोहन कुमार सहित सभी स्वजन उसके शव से लिपटकर चित्कार कर उठे।

सविता ने बताया कि इसी साल उनके पिता साधु चंद्रवंशी का भी निधन हो गया था। उस समय भी वेलोग काफी टूट गए थे। आज भैया की मौत ने उन्हें अंदर तक तोड दिया है। भैया को तीन छोटी-छोटी पुत्री एवं एक पुत्र है। उसके भी पांच भाई-बहनों में पंकज भैया एकलौता भाई थे। मौत की खबर पाकर विधायक शंकर सिंह ने कहा कि यह एक हृदयविदारक घटना है, उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि ऐसे मिलनसार एवं होनहार युवक अचानक उनका साथ छोडकर चला जाएगा। वे उनकी आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना करते हैं तथा पीडित परिवार के लिए संवेदना प्रकट की है। ठीक इसी तरह से बजरंगदल के कार्यकर्त्ताओं ने अपने प्रमुख अभिनव कुमार केशरी के नेतृत्व में शोकसभा का आयोजन कर, उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा पीडित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।



