अररिया, प्रिंस कुमार: Araria News अररिया जिले के युवाओं की छिपी प्रतिभा को निखारने और उन्हें बड़ा मंच देने के उद्देश्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव-2025 का भव्य आगाज आज टाउन हॉल में हुआ। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सैकड़ों युवाओं ने विभिन्न स्कूलों-कॉलेजों से पहुंचकर लोक गायन, लोक नृत्य, कविता-कहानी लेखन, चित्रकला, वक्तृता एवं विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में जोरदार हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायती राज पदाधिकारी मनीष कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी विजय कुमार रजक, अनुमंडल पदाधिकारी रवि प्रकाश, सहायक कोषागार पदाधिकारी नुरुल हक, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा दिलीप कुमार एवं जिला कला-संस्कृति पदाधिकारी सान्याल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। गणेश वंदना व स्वागत गीत के बाद पदाधिकारियों ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें भरपूर भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार के निर्देश पर आयोजित इस उत्सव में कल्चरल ट्रैक और इनोवेशन ट्रैक के अंतर्गत सभी प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। कल 03 दिसंबर को भव्य समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।



