अररिया, प्रिंस कुमार : फारबिसगंज के तेरापंथ भवन परिसर में नए साल के स्वागत और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार से दो दिवसीय उत्सव कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तेरापंथ महिला एवं कन्या मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में कुल 35 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां किफायती दरों पर साड़ियां, सूट, ऊनी कपड़े, फैंसी ड्रेसेस, लेडीज एक्सेसरीज और होम डेकोर से जुड़ी आकर्षक वस्तुएं उपलब्ध होंगी। वहीं फूड कोर्ट में चटपटे व्यंजनों का स्वाद, बच्चों और बड़ों के लिए झूले, गेम्स, म्यूजिक और आकर्षक लाइटिंग मेले को खास बनाएंगे।
आयोजन समिति ने बताया कि कार्निवल का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है और इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है, जहां दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। आयोजन को सफल बनाने में तेरापंथ महिला मंडल और कन्या मंडल की पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है, जिससे शहरवासियों को मनोरंजन और खरीदारी का यादगार अनुभव मिल सके।



