सहरसा, अजय कुमार : जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड सहित नगर परिषद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित तीन आरा मिलों पर फ़ारेस्ट विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान टीम ने तीनों जगहों पर पहुंचकर जेसीबी से अवैध आरा मिल मशीनों को उखाड़ फेंका और पूरे मामले का निरीक्षण किया। कार्रवाई का नेतृत्व फ़ारेस्ट विभाग की वनपाल रेणु कुमारी, कहरा प्रखंड के वनपाल फ़ैज़ अहमद, वनरक्षक चंदन कुमार, कुंदन कुमार, राकेश कुमार, राजेश कुमार सहित कई अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। अधिकारियों ने बताया कि सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध आरा मिल का संचालन हो रहा था।जिसकी लगातार शिकायतें विभाग को मिल रही थी। वन विभाग के पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पूर्व वर्ष 2023 में भी अवैध आरा मिल मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी और कई मशीनें जब्त कर नष्ट की गई थीं।
इसके बावजूद कुछ आरा मिल संचालक चोरी-छिपे अवैध कारोबार में लगे हुए थे। इस बार की कार्रवाई में उच्च विद्यालय चकभारो के दक्षिण स्थित बगीचा क्षेत्र में अरुण शर्मा और मदन शर्मा द्वारा संचालित अवैध आरा मिल को उखाड़ा गया। वहीं।सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र के मुकेश कुमार के अवैध आरा मिल पर भी जेसीबी चलाकर मशीनों को हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन अवैध आरा मिल मालिकों के खिलाफ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और वन संपदा की सुरक्षा के लिए विभाग भविष्य में भी ऐसे अवैध धंधों पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाएगा। फ़ारेस्ट विभाग की इस कार्रवाई से प्रखंड क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।वहीं स्थानीय लोगों ने भी विभाग की इस पहल का स्वागत किया है।



