पूर्णिया, विमल किशोर: अमौर प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय पोठिया बरेली में गुरुवार को दूसरी बार विद्यालय शिक्षा समिति (VSS) का गठन नहीं हो सका, क्योंकि बैठक में न तो वार्ड सदस्य पहुंचे और न ही ग्रामीणों की भागीदारी हो पाई, जिसके चलते प्रतिनियुक्त पदाधिकारी को वापस लौटना पड़ा।
प्रधानाध्यापक मो. हुमायूं अख्तर ने बताया कि समिति का कार्यकाल समाप्त होने के बाद 11 दिसंबर 2025 को बैठक बुलाई गई थी, लेकिन फोटो खींचने को लेकर हुए विवाद के बाद बैठक भंग कर दी गई थी। इसकी सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दी गई, जिनके निर्देश पर 18 दिसंबर 2025 को पुनः तिथि निर्धारित की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार संकुल समन्वयक विजय कुमार एवं संचालक साहेब लाल विश्वास विद्यालय पहुंचे, शिक्षक भी उपस्थित रहे, लेकिन वार्ड सदस्यों द्वारा ग्रामीणों को बैठक में आने से रोके जाने और शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार व हाथापाई की स्थिति बनने से भय का माहौल उत्पन्न हो गया।
परिणामस्वरूप समिति का चुनाव नहीं हो सका और इसकी सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को भेजी जा रही है। वहीं वार्ड सदस्य प्रतिनिधि मोहम्मद जावेद ने बाहर रहने के कारण सूचना न मिलने की बात कही, जबकि दूसरे वार्ड प्रतिनिधि मो. शाहिद ने बैठक की जानकारी नहीं होने का दावा किया।


