PURNIA NEWS : पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के गिरजा चौक स्थित इमैनुएल चर्च ग्राउंड में स्वराज फाउंडेशन, हजारीबाग द्वारा आयोजित गांधी शिल्प बाजार–2025 का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दीप प्रज्वलन कर मेले का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद सांसद ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और देश के अलग–अलग राज्यों से आए कारीगरों की कला, मेहनत और सृजनात्मकता की खुले दिल से सराहना की।
सांसद ने कहा कि विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित यह हस्तशिल्प प्रदर्शनी–सह–बिक्री मेला भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण है और ऐसे आयोजन पारंपरिक शिल्प को बढ़ावा देने के साथ-साथ कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने में भी मददगार हैं। उन्होंने गांधी के विचारों—सत्य, अहिंसा और आत्मनिर्भरता—की प्रासंगिकता पर जोर देते हुए कहा कि गांधी शिल्प बाजार जैसे कार्यक्रम गांधी के आदर्शों को जमीन पर उतारने का सशक्त माध्यम हैं। इस अवसर पर संजय सिंह, राजेश यादव, बबलू भगत, वैश खान, मो समिउललाह, ललन, सुनिल और संगम सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे और उन्होंने मेले की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।



