PURNIA NEWS : पूर्णिया सिटी स्थित प्राचीन माँ पुरण देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के उपरांत विधायक विजय खेमका ने पर्यटन विभाग की पटना से आई कार्यपालक अभियंता टीम के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और प्रस्तावित पर्यटकीय विकास योजना की समीक्षा की। सदर अनुमंडल पदाधिकारी की मौजूदगी में मंदिर सभागार में स्वीकृत नक्शा व डिजाइन पर चर्चा करते हुए विधायक ने बताया कि राज्य सरकार की योजना के तहत ₹34.50 करोड़ की लागत से मंदिर परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। योजना में भव्य मुख्य द्वार, हरित पार्क, लगभग एक हजार फीट लंबा फुट ओवरब्रिज, कैफेटेरिया, जी+2 गेस्ट हाउस, कई टॉयलेट ब्लॉक, डीलक्स शौचालय, डाइनिंग हॉल, 34 कमरे, मुख्य सड़क, बाउंड्री वॉल सहित सौंदर्यकरण से जुड़े अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान उनके प्रयास से इस ऐतिहासिक मंदिर के समग्र विकास के लिए राशि स्वीकृत हुई है। साथ ही उन्होंने पूर्णिया के प्राचीन जगन्नाथ मंदिर, बड़ी गुरुद्वारा के जीर्णोद्धार, रानीपतरा सर्वोदय गांधी स्मारक को बापू सर्किट से जोड़ने तथा सिटी सौरा नदी पर रिवरफ्रंट पार्क निर्माण की भी जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, न्यास समिति के सदस्य और पुजारीगण उपस्थित रहे।



